कबीरधामकवर्धा

फर्जी FCI अफसर बनकर व्यापारी से 50 हजार की वसूली, रिटायर्ड आर्मी हवलदार गिरफ्तार

कवर्धा: कवर्धा में खुद को भारतीय खाद्य निगम (FCI) का अफसर बताकर एक किराना व्यापारी से 50 हजार रुपये वसूलने के आरोप में पुलिस ने रिटायर्ड आर्मी हवलदार सचिन चड्ढा (47) को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्तमान में रायपुर की एक सिक्योरिटी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है।

घटना का विवरण:
2 अप्रैल की रात आरोपी सचिन चड्ढा कार से रायपुर रोड स्थित मारुति नेक्सा शोरूम के सामने पीतांबर गुप्ता (67) की किराना दुकान पर पहुंचा। उसने खुद को FCI अफसर बताते हुए व्यापारी पर चोरी का चावल खरीदने का आरोप लगाया और जेल भेजने की धमकी दी। आरोपी ने कमर में खोंसी लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर डराया। धमकी से घबराए व्यापारी ने 500-500 के 100 नोट, कुल 50 हजार रुपये आरोपी को दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गया।

पुलिस कार्रवाई:
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने BNS की धारा 308(6) के तहत FIR दर्ज की। जांच के दौरान आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर कवर्धा लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। एएसपी पुष्पेंद्र बघेल के अनुसार, आरोपी के कब्जे से ग्रैंड विटारा कार, 0.32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, 2 मैगजीन और 11 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।

आरोपी की पृष्ठभूमि:
आरोपी सचिन चड्ढा मूलतः हरियाणा का रहने वाला है। वह 2002 में सेना में आरक्षक के पद पर भर्ती हुआ था और 2024 में हवलदार के पद से रिटायर हुआ। जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान वह आतंकी मुठभेड़ों में शामिल रहा और सम्मानित भी हुआ। रिटायरमेंट के बाद वह रायपुर की सिक्योरिटी कंपनी में सुपरवाइजर बन गया।

मामले की जड़:
कंपनी के 3 गार्ड कवर्धा के मगरदा गांव स्थित वेयरहाउस में तैनात थे, जहां से चावल चोरी की शिकायत मिल रही थी। सचिन इसी की जांच के लिए कवर्धा आया था। जांच के दौरान उसने दुल्लापुर के सरपंच व कोटवार से संपर्क किया और कथित तौर पर चोरी का चावल खरीदने वाले व्यापारियों की जानकारी जुटाई, जिसके बाद उसकी नीयत बिगड़ गई।

कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button